Saturday, July 27, 2024

पीएल पुनिया – ‘मंत्रिमंडल में फेरबदल जैसी कोई बात नहीं’, निगम-मंडल और आयोगों में होने वाली नियुक्तियों को लेकर चर्चा…

रायपुर। कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया के रायपुर पहुंचते ही निगम मंडलों में राजनीतिक नियुक्ति की कवायद तेज हो गई है। शनिवार शाम से लेकर रविवार शाम तक नाम तय करने को लेकर मंथन चला। खबर है कि 15 नामों पर सहमति बन गई है, जिसमें पांच वरिष्ठ विधायकों के नाम भी शामिल हैं। वहीं पांच अन्य नामों को लेकर गतिरोध बना हुआ है। कांग्रेस हलकों में चर्चा है कि एक-दो दिनों में बड़े पैमाने पर निगम मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियों की घोषणा हो जाएगी।

जिन विधायकों को निगम-मंडलों में पद देने के संकेत हैं, उनमें सत्यनारायण शर्मा, रामपुकार सिंह, धनेन्द्र साहू, अरूण वोरा के नाम शामिल हैं। दरअसल मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज विधायकों को खुश करने के लिए कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने के लिए यह नियुक्तियां की जाएंगी। वरिष्ठ विधायकों को वरिष्ठ मंत्रियों के साथ वाले निगम-मंडल और आयोग की जिम्मेदारी देने की चर्चा है, ताकि उनके बीच आपसी मतभेद की स्थिति पैदा न हो।

वहीं पांचवे विधायक के रुप में अमितेष शुक्ल या विकास उपाध्याय में किसी एक नाम पर मुहर लग सकती है। इसी तरह संगठन की ओर से पहली सूची में जिन नामों पर मुहर लगने के संकेत हैं उनमें धनेश पाटिला, रामगोपाल अग्रवाल, गिरीश देवांगन और सुरेन्द्र शर्मा के नाम शामिल हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि नामों को लेकर चर्चा हुई है। नामों पर मंथन कर लिया गया है। जल्द ही सूची तैयार कर नियुक्तियां शुरु की जाएंगी।

नगरीय निकायों में एल्डरमैनों की होगी नियुक्ति

निगम-मंडल के साथ ही राज्य के सभी नगरीय निकायों में एल्डरमैनों की जल्द ही नियुक्तियां की जाएंगी। चुनाव के समय कुछ निकायों में नियुक्तियां की जा चुकी हैं लेकिन अब शेष निकायों में नियुक्तियां होंगी। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर जैसे बड़े निगमों में पहले नियुक्तियां की जाएंगी।
इससे पहले निगम-मंडलों में नियुक्तियों की चर्चा की शुरुआत प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के शनिवार शाम अचानक रायपुर पहुंचने और देर रात तक उनकी पीसीसी चीफ मोहन मरकाम और मंत्रियों के साथ हुई गोपनीय चर्चा के बाद हुई। रविवार को सुबह से पुनिया के एक निजी होटल में मरकाम के साथ बैठक हुई। वहां पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव भी पहुंचे।

नियुक्ति के लिए तीन क्राइटेरिया
निगम-मंडल और आयोगों में पद के लिए तीन क्राइटेरिया तय किया गया है। इनमें अध्यक्ष पद के दावेदारों को ए कैटेगरी, उपाध्यक्षों को बी और सदस्यों को सी कैटेगिरी में रखा गया है। इनमें संगठन से जुड़े नेताओं, आए आवेदनों और मंत्रियों, विधायकों की ओर मिले नामों पर विचार किया गया। इन नामों को अलग-अलग कैटेगिरी में रखा गया है।

मंत्रिमंडल में फेरबदल नहीं :– पीएल पुनिया, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी
निगम-मंडल और आयोगों में होने वाली नियुक्तियों को लेकर चर्चा हुई है। जल्द ही सूची घोषित की जाएगी। वहीं मंत्रिमंडल में फेरबदल जैसी कोई बात नहीं है।

जल्द होगी नियुक्ति :– डा.शिव डहरिया, मंत्री, नगरीय प्रशासन
राजनीतिक नियुक्तियों के तहत नगरीय निकायों में एल्डरमैन के पद पर भी नियुक्ति करने की तैयारी चल रही है। कोशिश है कि निगम-मंडलों के साथ ही इनकी नियुक्तियां कर दी जाएंगी।

Related Articles

Stay Connected

22,042FansLike
3,909FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles