भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनीं द्रौपदी मुर्मू, यशवंत सिन्हा को चुनाव में हराया

नई दिल्‍ली : द्रौपदी मुर्मू देश की पहली महिला आदिवासी राष्‍ट्रपति बन गई हैं. उन्हें कुल 64.03 प्रतिशत वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा को 35.97 प्रतिशत वोट ही मिले. अब वे 25 जुलाई को बतौर राष्ट्रपति शपथ लेंगी. चुनाव में जीत पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने लिखा, ” द्रौपदी मुर्मू एक असाधारण विधायक और मंत्री रही हैं. झारखंड के राज्‍यपाल के तौर पर उनका बेहतरीन कार्यकाल रहा है. मुझे यकीन है कि वे उत्‍कृष्‍ट राष्‍ट्रपति साबित होंगी, जो आगे बढ़कर नेतृत्‍व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी.”पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा कैबिनेट के वरिष्‍ठ सदस्‍य और बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा ने द्रौपदी मुर्मू के आवास पर पहुंचकर उनको बधाई दी.  

राष्‍ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्‍मीदवार रहे यशवंत सिन्‍हा ने द्रौपदी मुर्मू को जीत पर बधाई दी. सिन्‍हा ने कहा, “मैं राष्ट्रपति चुनाव  में जीत पर द्रौपदी मुर्मू को दिल से बधाई देता हूं. मुझे उम्‍मीद है और वास्‍तव में हर भारतीय को उम्‍मीद है कि देश के 15वें राष्‍ट्रपति के तौर पर वे बिना किसी डर और पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी.”