रायपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे भाजपाई, कहा – धरनास्थल को नवा रायपुर ले जाना गलत

भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को देर तक प्रशासन के फैसले के खिलाफ नारेबाजी की। - Dainik Bhaskar

भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को देर तक प्रशासन के फैसले के खिलाफ नारेबाजी की।

रायपुर शहर से धरना स्थल को हटाने के विरोध में भाजपा और भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता सोमवार को रायपुर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। वहां उन लोगों ने प्रदर्शन किया। बाद में रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया

प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा, रायपुर प्रशासन द्वारा अचानक धरनास्थल बूढ़ापारा का स्थान बदल कर नवा रायपुर कर देने के विरोध में भाजयुमो के साथियों के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पहले प्रदर्शनों से पहले अनुमति लेने का नियम लाई। अब शहर में विरोध प्रदर्शन का अधिकार भी छीनने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा, सरकार यह समझ ले कि ये नियम वापस नहीं हुए तो भाजपा कार्यकर्ता आपको चैन से नहीं बैठने देगा। इस प्रदर्शन में भाजपा के पूर्व विधायक और रायपुर जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू आदि शामिल हुए।

कलेक्टर को ज्ञापन भी दिया

कलेक्टाेरेट के बाहर प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं ने रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार को ज्ञापन भी सौंपा। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने दावा किया कलेक्टर से सार्थक चर्चा हुई है। उन्होंने बूढ़ा तालाब धरना स्थल को यथावत रखने का आश्वासन दिया है। इसके लिए जल्दी ही आदेश भी जारी हो जाएगा।

प्रशासन ने 100 से अधिक लोगों का प्रदर्शन मना किया है

लोगों को हो रही असुविधा का हवाला देकर जिला प्रशासन ने रायपुर में 100 से अधिक प्रदर्शनकारियों की अनुमति रोक दिया है। प्रशासन की ओर से कहा गया, बूढा तालाब के सामने स्थित धरना स्थल पर अब केवल 100 की संख्या में ही प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण आंदोलन कर सकेंगे। इसके लिए भी प्रशासन से विधिवत अनुमति लेनी होगी। बड़े प्रदर्शनों के लिए नवा रायपुर में पुराने राज्योत्सव के सामने मैदान को नया धरना स्थल निर्धारित किया गया है।