छत्तीसगढ़ में BJP का जेल भरो आंदोलन:रायपुर में पूर्व मंत्री सहित 2000 कार्यकर्ता गिरफ्तार
रायपुर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर सेंट्रल जेल लाया गया है।
छत्तीसगढ़ में धरना-प्रदर्शन को लेकर जारी सरकारी आदेश के खिलाफ BJP का सोमवार को प्रदेश भर में जेल भरो आंदोलन जारी है। रायपुर में करीब दो घंटे से चल रहे प्रदर्शन के बाद पुलिस ने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित करीब 2000 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। बृजमोहन काले गुब्बारे लेकर सेंट्रल जेल परिसर में बैठे हुए हैं। वहीं जांजगीर में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे भाजपाइयों ने बैरिकेड तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। रायगढ़ में भी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। बिलासपुर और दुर्ग में भी प्रदर्शन जारी है।
काले गुब्बारे लेकर बृजमोहन अग्रवाल रायपुर सेंट्रल जेल परिसर में बैठे हुए हैं।
पुलिस को चकमा देकर घड़ी चौक की ओर बढ़े भाजपाई।
इससे पहले पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता और नेता सड़क पर उतर आए। कालीबाड़ी से सीएम हाउस जाने के लिए मार्च शुरू हो गया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेड लगाए। इसके बाद भी वह पुलिस को चकमा देकर नारेबाजी करते हुए घड़ी चौक तक पहुंच गए। पुलिस वहां उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड पर चढ़ गए। इसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हंगामा होने लगा। भाजपाई काला कानून वापस लो जैसे नारे लगाने लगे।
ओसीएम चौक पर रोकने की थी तैयारी।
रायपुर में कालीबाड़ी इलाके में पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल बड़ी तादाद में कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए निकले थे
भाजपा नेताओं के लिए ये जेलभरो अंदोलन चुनावी सक्रियता का बिगुल भी है। सभी बड़े नेता इस विरोध प्रदर्शन में पूरा जोर लगाते दिखाई दिए। बाकायदा बैठक लेकर सभी दिग्गजों को उनकी जिम्मेदारी दी गई थी।जेल भरो मार्च करने के लिए भाजपा नेता तेलीबांधा, कालीबाड़ी, आजाद चौक, फाफाडीह की सड़कों पर जमा हुए। प्रदर्शन के लिए अलग-अलग जिलों में तैयारियां की गई। रायपुर में सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित तमाम नेता सड़क पर उतरे।