Chhattisgarh Digest News Desk ; Edited by : Nahida Qureshi, Farhan Yunus.
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की हालत में अब संतोषजनक सुधार बताया गया है, इसलिए रविवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को रूटीन चेकअप के लिये भर्ती कराया गया था। सर गंगाराम अस्पताल के डॉ. अरूप कुमार बसु की देखरेख में उनका इलाज किया गया।
जानकारी के मुताबिक डॉ. अरूप कुमार बसु छाती और श्वसन चिकित्सा के विशेषज्ञ हैं। सोनिया का इलाज तकरीबन तीन दिनों तक चला। जिसके बाद उन्हें रविवार को छुट्टी दे दी गई। सर गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन (बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट) डॉ. डी.एस. राणा ने कहा कि जब उन्हें लगा की सोनिया की हालत में वाकई में संतोषजनक सुधार आया है तभी उन्हें छुट्टी दी गई। अब उनकी हालत बिल्कुल स्थिर है, और वे पहले से काफी बेहतर स्थिति में हैं।

शुक्रवार को सर गंगाराम अस्पताल की ओर से हेल्थ बुलेटिन जारी किया गया था। जिसमें सोनिया गांधी की हेल्थ रिपोर्ट के बारें में जानकारी दी गई। इस जानकारी में सोनिया की सेहत में सुधार की बात बताई गई। इसके बाद से सभी कांग्रेस नेताओं को काफी संतुष्टि मिली।
सोनिया गांधी को गुरुवार शाम सात बजे सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उस दौरान अस्पताल की ओर से कहा गया था कि उन्हें रूटीन चेकअप के लिए भर्ती कराया गया है। हालांकि अगले दिन अस्पताल ने उनकी सेहत में सुधार की बात कही थी।
इस संबंध में अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. डीएस राणा ने कहा था, “सोनिया गांधी को गुरुवार शाम 7 बजे सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया। चिंता करने की कोई बात नहीं है, उन्हें केवल नियमित परीक्षण ( Routine Checkups ) और जांच के लिए भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।”
73 वर्षीय कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अस्पातल में भर्ती होने से पहले गुरुवार को कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसदों की बैठक की थी। ये बैठक तकरीबन तीन घंटे से ज्यादा समय तक चली थी। इस बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। इस बैठक में कई राजनेताओं ने कांग्रेस के नए अध्यक्ष के लिए राहुल गांधी का नाम सामने रखा। इससे पहले फरवरी में पेट में दर्द की शिकायत की वजह से सोनिया गांधी को इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
yll2ve
wg8d5z