
रिटायर्ड अधिकारी को एक करोड़ 22 लाख का चुना लगाने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। धोखाधड़ी करने वाले ये पति-पत्नी है और दोनों मिलकर लोगों को अपने झांसे में फसाकर उन्हें ठगी का शिकार बनाते थे।
दरअसल, भिलाई स्टील प्लांट के रिटायर्ड अधिकारी दुलार सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि एक दंपत्ति ने उन्हें अपने जाल में फसाकर एक करोड़ 22 लाख रुपए की ठगी की। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई थी।
इस पुरे मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सीएस इनोवेशन इंश्योरेंस ब्रोकर कंपनी में मनीषा शर्मा 2012 में काम करती थी। उसे कई इंश्योरेंस प्लान्स की जानकारी थी, जिसका फायदा उठाते हुए उसने साल 2013 में भिलाई के रहने वाले दुलार सिंह से संपर्क किया। इसके बाद विभिन्न कंपनियों के प्लान बताकर उनसे 2014 से 2021 तक एक करोड़ 22 लाख रुपए की ठगी की।
मनीषा ने पहले उनसे 8 लाख रुपए का इन्वेस्ट करवाए। फिर धीरे-धीरे उनका विश्वास जीतकर उनसे और ज्यादा इन्वेस्टमेंट करवाने लगी। जब दुलार सिंह ने इन्वेस्टमेंट के पेपर मांगे तो वह आनाकानी करने लगी। दुलार सिंह को तब उस पर शक हुआ और उन्होंने सीधे पुलिस को इस मामले की जानकरी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए बैंक खातों की जानकारी ली, जिसमें एक करोड़ 22 लाख का ट्रांजेक्शन का पता चला।
उसके बाद पुलिस धोखाधड़ी करने वाली आरोपी मनीषा शर्मा की खोजबीन में जुट गई। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ठग मनीषा दिल्ली में मौजूद है और दिल्ली में ही बैठकर मोबाइल फोन के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाती है। इसके बाद दुर्ग पुलिस ने एक टीम गठित करके दिल्ली रवाना की और दिल्ली के उत्तम नगर से दोनों आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, कई कंपनियों के सिम कार्ड, कई बैंकों के पासबुक और कुछ एटीएम बरामद किए हैं। दुर्ग के एसपी डॉक्टर अभिषेक पल्लव ने बताया कि आरोपियों को रिमांड लेकर उनसे और भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ में और भी बड़ी ठगी किए जाने की जानकारी मिल सकती है।