म.प्र. : शिवराज का कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष, कहा- ‘ये केवल यहीं नहीं हो रहा है, दिल्ली में भी लड़ पड़ते हैं ‘मेडम’ के सामने’

भोपाल : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे अपने पद और हित सुरक्षित करने में लगे हुए हैं। उनका जनहितों से कोई सरोकार नहीं है।

शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि कांग्रेस नेता जितने ट्वीट या कार्यक्रम करते हैं, उनका जनता के हितों से कोई लेना देना नहीं है। नेता प्रतिपक्ष बने रहें या नहीं बने रहें। कौन अध्यक्ष रहेगा? किसके पास पद सुरक्षित रहेगा? यह सब इनके पीछे है।

शिवराज ने कहा कि ये केवल यहीं नहीं हो रहा है। दिल्ली में भी लड़ पड़ते हैं ‘मेडम’ के सामने। कोई कहता है चुनाव करवाओ तो दूसरा कहता है कि मत करवाओ एक ही परिवार रहेगा। उन्होंने कहा कि एक परिवार की गुलामी में जकड़ी कांग्रेस केवल नाटक करती है और वो भी अपने स्वार्थों के लिए।

इसके पहले चौहान ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर यहां सुभाष चंद्र बोस तिराहे पर उनकी प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की।

इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर और जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी भी मौजूद थे। चौहान ने नेताजी के कार्यों का स्मरण भी किया।