Reported by :- सलीम क़ुरैशी
मुम्बई: बलात्कारी डॉक्टर गिरफ्तार, क्लिनिक में बच्ची का करता रहा बलात्कार
मुम्बई के क्लिनिक में दिव्यांग बच्ची से बलात्कार के आरोप में फिजियोथेरेपिस्ट डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है।
पीड़िता दिव्यांग होने के साथ-साथ बोल भी नहीं सकती।
मुंबई- 24 अक्टूबर मुंबई के सांताक्रुज में अपने क्लिनिक में 16 साल की दिव्यांग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में 40 वर्षीय फिजियोथेरेपिस्ट डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया, कि आरोपी गुरुवार को पकड़ा गया। लड़की मूक होने के साथ शारीरिक रूप से दिव्यांग थी और आरोपी के क्लिनिक पर इलाज के लिए आती थी। आरोपी ने लड़की से करीब एक साल से अधिक समय तक कथित रूप से बलात्कार किया है।
घटना का खुलासा मंगलवार को तब हुआ जब लड़की ने अपने मोबाइल फोन से अपने माता पिता को एक मैसेज भेजकर इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया, कि घटना से हैरान उसके माता-पिता ने गुरुवार को ही पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई और लड़की ने भी पुलिस को अपराध की जानकारी दी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पाया, कि जब भी लड़की आरोपी के क्लिनिक जाती थी तो वह कथित तौर पर उससे बलात्कार करता। उसके माता पिता हमेशा फिजियोथेरेपिस्ट बलात्कारी डॉक्टर के केबिन के बाहर बैठते थे और इसलिए अपराध से अनजान थे।
पुलिस ने अधिक जानकारी देते हुए बताया, कि आशंका है, आरोपी ने अन्य बच्चों के साथ भी ऐसा ही अपराध किया है। उन्होंने बताया, कि लड़की के माता-पिता द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आरोपी को उसके क्लिनिक से पकड़ लिया और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) सहित विभिन्न धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद, आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश करने पर उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।