अंबिकापुर. कोरोना काल की विपरीत परिस्थितियों में नगर निगम के प्लेसमेंट सफाई कर्मचारियों को पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिला है। वेतन का भुगतान नहीं होने से कोरोना काल की घड़ी में कर्मचारियों को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है।
ये पिछले 4 महीने से लोन व उधार लेकर अपना घर परिवार चलाने को विवश हैं। जिनकी मेहनत पके भरोसे अंबिकापुर शहर स्वच्छता में अव्वल है, आज उन्हें वेतन के लाले पड़ गए हैं।
कोरोना काल की इस विपरीत घड़ी में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने दिन रात मेहनत कर वार्डों व सार्वजनिक स्थलों को साफ व स्वच्छ रखने का काम किया है। इसके बावजूद भी उन्हें नगर निगम की उदासीनता के कारण पिछले 4 महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है।
वेतन का भुगतान न होने से इन विपरीत परिस्थितियों में प्लेसमेंट कर्मचारियों को घर परिवार चलाने में बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। महंगाई के इस दौर में अगर किसी को 4 महीने से वेतन ना मिले तो यह किसी विपत्ति से कम नहीं है।
गुरुवार को दर्जनों की संख्या में प्लेसमेंट कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर महापौर डॉ. अजय तिर्की को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। महापौर डॉ. अजय तिर्की ने प्लेसमेंट कर्मचारियों को जल्द से जल्द वेतन भुगतान कराने आश्वासन दिलाया है।
उन्होंने कहा है कि अगर इस विपरीत परिस्थिति में 4 महीने से वेतन नहीं मिला है तो अकाउंट चेक करा कर नगर निगम कमिश्नर को वेतन भुगतान कराने का निर्देश दिया जाएगा।
नियमित व प्लेसमेंट मिलाकर 500 सफाई कर्मचारी
नगर निगम में नियमित व प्लेसमेंट मिलाकर कुल 500 सफाई कर्मचारी काम करते है। लेकिन प्लेसमेंट कर्मचारियों को पिछले 4 महीने से वेतन नहीं दिया गया है।
प्लेसमेंट कर्मचारियों का कहना है कि त्योहार व बच्चों के लिए पढ़ाई का समय है। इस समय अगर वेतन का भुगतान नहीं हो रहा है तो काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हम लोग उधार लेकर अपना घर परिवार चला रहे हैं।
कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी
नगर निगम के प्लेसमेंट सफाई कर्मचारियों ने कहां है कि अगर रक्षाबंधन से पूर्व वेतन का भुगतान नहीं कराया जाता है तो बाध्य होकर हम सब कर्मचारी हड़ताल पर जाएंगे। पिछले 4 महीने से वेतन भुगतान ना होने से हम सभी लोग काफी परेशान हैं। महंगाई के इस दौर में वेतन का भुगतान ना होने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।