रायपुर में भी बारिश छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ धूल मिट्टी,नौतपा की शुरूआत में ही आंधी-पानी

रायपुर में भी बारिश छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ धूल मिट्टी,नौतपा की शुरूआत में ही आंधी-पानी

नौतपा की शुरूआत में ही आंधी-पानी, रायपुर में भी बारिश छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ धूल मिट्टी

पेण्ड्रा रोड में गुरुवार को तेज बरसात हुई। इसकी वजह से लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई है।

भीषण गर्मी के लिए प्रसिद्ध नौतपा की शुरुआत ही आंधी-पानी से हुई है। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गुरुवार को अंधड़ उठा है। वहीं पेण्ड्रा रोड में तेज बरसात रिकॉर्ड की गई है। दोपहर बार रायपुर में भी हल्की बरसात शुरू हुई है। नौतपा की शुरुआत बुधवार को हुई। पहले दिन ही कोण्डागांव, मनोरा, भैयाथान, कुनकुरी, जशपुर, तपकरा, दुलदुला, उदयपुर, रामानुजनगर, ओड़गी, लखनपुर और बस्तर क्षेत्रों में एक से चार मिलीमीटर तक बरसात दर्ज हुई।

गुरुवार को अमरकंटक, पेण्ड्रा-मरवाही क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ मौसम बदला। धूल भरी हवाओं का वेग इतना तेज था कि कई जगह पेड़ टूट गए। बिजली के खंभों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। क्षेत्र में बिजली चली गई। थोड़ी देर बाद पूरे इलाके में तेज बरसात शुरू हो गई। बरसात इतनी तेज थी कि सड़कों पर नाला बह निकला। बिलासपुर क्षेत्र में भी धूल भरी आंधियां चलीं। इसकी वजह से राह चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जशपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा में भी अंधड़ की खबर है। रायपुर में सुबह से ही बादल छाए थे। दोपहर बाद ठंडी हवाओं के साथ बरसात शुरू हो गई। इसकी वजह से राजधानी का मौसम सुहावना हो गया है। अलग-अलग क्षेत्रों में बादलों की गरज-चमक के साथ बुंदाबादी अब भी जारी है।

तेज हवाओं के चलते कई जगह पर पेड़ गिरने से तार टूट गए।

मौसम विभाग ने बताया है, ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण ओडिशा और उसके आसपास स्थित है। एक द्रोणिका बिहार से उत्तर आन्ध्र प्रदेश तक स्थित है। इसकी वजह से 26 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड भी चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि का ट्रेंड बने रहने की संभावना है।

रायपुर में बरसात से मौसम सुहावना हो गया है।

गर्मी थोड़ी सी बढ़ी, लेकिन अभी सामान्य से कम तापमान
नौतपा के पहले दिन भी सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर बरसात हुई थी। इसकी वजह से तापमान अचानक से बढ़ नहीं पाया। बुधवार को भी प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रहा। 42.5 डिग्री के साथ दुर्ग को सबसे गर्म स्थान बताया गया। वहीं रायपुर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री, राजनांदगांव का 40.8, बिलासपुर का 39.5 डिग्री और अंबिकापुर का 36.4 डिग्री ही रहा। पेण्ड्रा रोड में तो अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। यह सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस कम था।