रायपुर : 6 नवीन धान खरीदी केन्द्रों का मंत्री अनिला भेंडिया ने किया लोकार्पण

    रायपुर : महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया ने कल बालोद जिले के विकासखंड डौंडीलोहारा के गांवों में 6 नवीन धान खरीदी केंद्रो का लोकार्पण कर किसानों को बधाई एवं शुभाकामनाएं दी। उनके द्वारा ग्राम संबलपुर(लो.), अछोली, संजारी, रानाखुज्जी, कोबा एवं मालीघोरी पहुॅचकर के नवीन धान खरीदी केंद्रो का लोकार्पण किया गया।

    मंत्री भेंडिया ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों की सुविधा के लिए नवीन धान खरीदी केंद्रो की सौगात दी है। इससे किसानों को धान विक्रय में सुविधा होगी। नवीन सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर खाद, बीज और ऋण मिलेगा। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी और उसका अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

    मंत्री भेंडिया ने कृषि विभाग की हितग्राहीमूलक योजना के तहत ग्राम मालीघोरी और ग्राम कोबा में हितग्राहियों को चना और सरसों बीज का मिनीकिट प्रदान कर लाभान्वित किया। उन्होंने ग्राम दुधली में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु पांच लाख रुपए की घोषणा की।

इस अवसर पर डौंडीलोहारा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक डोमेंद्र भेंडिया सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित थे।