
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को शनिवार को COVID-19 पॉजिटिव पाया गया। उनके बेटे अभिषेक बच्चन को भी COVID-19 पॉजिटिव पाया गया है। एंटीजन टेस्ट से दोनों के संक्रमित होने का पता चला था, जिसके बाद उन्हें नानावटी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। जया बच्चन, ऐश्वर्या और आराध्या की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
हॉस्पिटल सूत्रों के अनुसार डॉक्टरों ने बताया कि अमिताभ बच्चन की हालत स्थिर है। इस बीच रविवार सुबह समाचार एजेंसी ANI ने Nanavati Super Speciality Hospital के पब्लिक रिलेशन अधिकारी के हवाले से अमिताभ बच्चन का हेल्थ अपडेट दिया। इस ट्वीट के अनुसार अमिताभ बच्चन की हालत स्थिर है और उनमें Covid-19 पॉजिटिव संक्रमण के हल्के लक्षण पाए गए हैं। उन्हें हॉस्पिटल के आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती किया गया है। अमिताभ को हल्का बुखार है। शनिवार रात ढाई बजे तक कफ की शिकायत थी, लेकिन बाद में उन्हें आराम मिल गया।
अभिषेक बच्चन को भी आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया:
अभिषेक बच्चन को शनिवार को सामान्य वार्ड में भर्ती किया था, लेकिन रविवार को सावधानी बतौर उन्हें भी रविवार को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।

अमिताभ बच्चन ने खुद शनिवार रात ट्विटर के जरिए अपने कोरोना संक्रमित पाए जाने की जानकारी फैंस को दी थी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘मैं Covid-19 पॉजिटिव पाया गया हूं। मुझे हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है। मेरे परिवार और स्टाफ का टेस्ट हो गया है, उनका रिजल्ट अभी आना बाकी है। जितने भी लोग पिछले 10 दिनों में मुझसे मिले हैं, वे अपना टेस्ट करवा लें।’
अभिषेक बच्चन खुद गाड़ी चलाकर पहुंचे अस्पताल :
अभिषेक बच्चन खुद गाड़ी चलाकर नानावटी अस्पताल पहुंचे थे। हॉस्पिटल में पहुंचने के बाद अमिताभ और अभिषेक का एक बार फिर कोरोना वायरस टेस्ट किया गया है जिसकी रिपोर्ट 24 घंटों में आ जाएगी। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि दोनों एसिम्टोमेटिक हैं, ज्यादा कोई लक्षण नहीं है। इसमें ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं होती है और ऐसे मरीज जल्दी ठीक हो जाते हैं। हालांकि, उन्होंने अमिताभ बच्चन की उम्र और पुरानी स्वास्थ्य समस्या को लेकर जरूर चिंता व्यक्त की है।
अमिताभ के बंगलों को आज सैनिटाइज करेगी BMC :
BMC रविवार को मुंबई में अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन के तीनों बंगलों को सैनिटाइज करेगी। जलसा, प्रतीक्षा और जनक बंगलों को सैनिटाइज किया जाएगा। इन बंगलों पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ का भी कोरोना टेस्ट कराया जाएगा।