MP : पूर्व cm कमलनाथ पहुंचे उज्जैन महाकाल दरबार, कहा- ‘कौन टाइगर कौन बिल्ली है और कौन चूहा है… जनता सब जानती है’

उज्जैन. सावन महीने में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ महाकाल का आशीर्वाद लेने किए उज्जैन पहुंचे। मंदिर में उन्होंने बाबा का अभिषेक पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में सौदे से सरकार बनी और सौदे से मंत्रिमंडल भी बना। जनता सब जानती है फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए भगवान के साथ ही जनता की कृपा की भी आवश्यकता रहती है। कमलनाथ बाबा के दर्शन के बाद यहां से उपचुनाव को लेकर बदनावर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने रवाना हो गए। मंदिर में प्रवेश को लेकर कांग्रेसियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई।

एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि जनता हमारा साथ देगी :
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा- महाकाल का आशीर्वाद लेने आया था। मध्य प्रदेश के किसानों को प्रदेश की जनता को आशीर्वाद मिले, मुझे आशीर्वाद मिले। राज्य का भविष्य सुरक्षित रहे। भाजपा द्वारा उनकी सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर कहा कि हमारी 15 महीने की सरकार की जांच करा लें। टाइगर के जवाब में कहा – कौन टाइगर कौन बिल्ली है और कौन चूहा है, जनता सब जानती है।

उन्होंने कहा- मध्य प्रदेश की जनता सीधी और समझदार है। वह जानते हैं क्या-क्या गद्दारी हुई है, क्या सौदा हुआ और वह जानते हैं किस पटरी पर मध्य प्रदेश आगे चल रहा था, किस तरह से मध्य प्रदेश को नई दिशा मिली थी। उन्होंने एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि जनता हमारा साथ देगी। मध्य प्रदेश की जनता ऐसा फैसला करेगी कि सभी सीटों हमें मिलेगी। 15 साल के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हुआ है। मेरे 15 महीने की सरवार की वे जांच कराना चाहें, मैं उनका स्वागत करता हूं। 

शिवराज बोले- भगवान के साथ जनता के आशीर्वाद की भी जरूरत : मुख्यमंत्री दिल्ली से लौटने के बाद यहां स्टेट हैंगर पर मीडिया के सवालों के जवाब में यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए भगवान के साथ-साथ जनता की कृपा की जरूरत होती है, और जनता की कृपा उन पर होती है, जो जनता के लिए बेहतर कार्य करते हैं।

उमा भारती और मंत्री मीना सिंह भी सोमवार को पहुंची थीं महाकाल के दरबार : सावन के पहले सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती भी बाबा के दर्शन के लिए महाकाल मंदिर पहुंची थी। उन्होंने दर्शन, पूजन और अभिषेक किया। उमा ने मीडिया से बातचीत में दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा।कहा- मैंने 2003 ट्रेंकुलाइजर गन से राघोगढ़ के शेर को बेसुध कर दिया था। मैं दुर्गा की बेटी हूं, शेर की सवारी करती हूं। इसके साथ ही उन्होंने कैलाश विजयवर्गीय को बंगाल टाइगर कहा था। वहीं, शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री और उमरिया से विधायक मीना सिंह भी बाबा महाकाल के दर्शन को पहुंची थीं। सिंह ने नंदी हॉल से ही बाबा का पूजन अभिषेक किया। उन्होंने महाकाल से प्रदेश में खुशहाली की कामना की। 

Exit mobile version